पूर्व आईएएस गणेश शंकर मिश्रा भाजपा में हुए शामिल,पार्टी का गमछा पहना जेपी नड्डा ने दी शुभकामनाएं

 



वतन जायसवाल

रायपुर। पूर्व आईएएस अधिकारी गणेश शंकर मिश्रा भाजपा में शामिल हो गए है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। 

 बता दें कि कुछ समय से यह चर्चा जारी थी की गणेश शंकर मिश्रा भाजपा में जा सकते है। लेकिन इस बारे में श्री मिश्रा ने कोई संकेत नहीं दिया था। किंतु कल बुधवार को भाजपा प्रदेश प्रभारी डी.पुरंदेश्वरी से उनकी मुलाकात की ख़बरें आईं थीं।


 आज दिल्ली में श्री मिश्रा ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के सामने पार्टी की सदस्यता ली। श्री नड्डा ने उन्हें पार्टी का गमछा पहना कर गुलदस्ता देते हुए शुभ कामनाएं दी। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, संगठन मंत्री पवन देव साय, बिलासपुर सांसद अरुण साव और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय भी मौजूद थे। 

  गणेश शंकर मिश्रा  का जन्म स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित लखन लाल मिश्रा के घर तिल्दा ब्लाक स्थित ग्राम मूरा में हुआ था। उन्होंने अपने 36 वर्षीय शासकीय सेवाकाल में अपने कार्यों से प्रशंसा बटोरी। रायपुर नगर निगम के अंतिम प्रशासक के तौर पर मिश्रा ने 5 महीने के अन्दर पूरे शहर का कायाकल्प कर डाला था, रायपुर का घड़ी चौक उन्हीं की देन है। यही नहीं अभियान चलाकर शहर के 5000 से अधिक बेजा कब्जे भी हटाए, जिसकी वजह से उन्हें बुलडोजर प्रशासक कहा जाने लगा। 1995 में नेत्र शिविर आयोजित कर 11 दिन के भीतर ही 5000 से अधिक मोतियाबिंद के सफल ऑपरेशन कराये थे, जो आज भी अपने आप में एक रिकॉर्ड है।

 राजनांदगांव में कलेक्टर रहते हुए गणेश शंकर मिश्रा ने डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों के लिए वृहद स्तर पर सेवा-सहयोग के लिए स्व. सहायता समूहों एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से हर 2-3 km की दूरी में पंडाल सजाकर भोजन, फलाहार, चिकित्सकीय सेवा एवं आराम की व्यवस्था रखी गयी थी। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सम्मिलित क्षेत्र के प्रथम 12 ODF निर्मल ग्राम पंचायत भी उन्हीं के प्रयासों से वर्ष 2005 में राजनांदगांव में ही हुए। जिसके लिए तत्कालीन राष्ट्रपति कलाम ने दिल्ली में पुरस्कृत किया था।



0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने