देश को अहिंसा के जरिए आजादी दिलाने के साथ ही ,समाज को जोडने का काम किया महात्मा गांधी ने- भूपेश बघेल


गांधी विचार पदयात्रा के तीसरे दिन भखारा में अजय चंद्राकर ने मंच साझा किया

 

 

प्रदेश में किसानों के जेब में पैसे होने से मंदी का असर नहीं

28 करोड़ से अधिक की लागत के 17 विकास कार्यों का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण 

 

धमतरी,  प्रदेश के मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने कहा कि देश के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए ग्राम स्वराज के संदेश को आत्मसात कर प्रदेश सरकार किसानों, मजदूरों, महिलाओं और गांव के विकास के लिए सतत काम कर रही है। जिस तरह गांधीजी ने अहिंसा के पथ पर चलकर क्रांति लाई और देश को ब्रिटिश हुकूमत से आजादी दिलाई वह अपने आप मे एक मिसाल है। महात्मा गांधी ने सामाजिक चेतना लाने के साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का काम भी किया। उन्हीं के सत्य, अहिंसा और करुणा के संदेश को आगे बढ़ाने यह गांधी विचार यात्रा ऐतिहासिक नहर सत्याग्रह की तपोभूमि कंडेल से गत 04 अक्टूबर से शुरू की गई है। अब यह 10 अक्टूबर को राजधानी रायपुर के गांधी मैदान में जाकर समाप्त होगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसानों का कर्जा माफ करने का नतीजा है कि उनकी जेब में पैसे है और प्रदेश में ऑटो मोबाइल सेक्टर में मंदी नहीं, बल्कि वृद्धि हुई है।


 रामलीला मैदान भखारा में आयोजित आम सभा में विशाल जनसमूह को संबोधित करने के साथ ही मुख्यमत्री श्री बघेल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया। इनमें स्वर्गीय श्री पेहरूराम उर्फ श्री क्रांतिकुमार ढीढी के परिजन श्रीमती पुनौतिन बाई और स्वर्गीय वीरसिंग गौर के परिजन श्यामाबाई गौर सम्मिलित है। इस मौके पर उन्होंने 28 करोड़ के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में कोंडागाँव विधायक मोहन मरकाम ने कहा कि देश का विकास तभी संभव है जब गांव और ग्रामीणों का विकास हो, महिलाएं सशक्त हों, युवाओं को रोजगार मिले, यह गांधी जी का विचार था, इस दिशा में प्रदेश सरकार सतत प्रयासरत है। कार्यक्रम को अभनपुर विधायक धनेंद्र साहू, ने भी संबोधित किया। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने पदयात्रा में भखारा पहुंचे सीएम भूपेश बघेल का स्वागत किया, साथ ही मंच पर भी उपस्थिति प्रदान की, भखारा को तहसील का दर्जा बनाए रखने के लिए सीएम का आभार व्यक्त किया और रबी फसल के लिए पानी देने के फैसले का दिल खोलकर स्वागत किया. कुरूद के 100 बिस्तर अस्पताल के लिए व महाविद्यालय में लिए बजट में राशि नही मिलने की बात को प्रमुखता से सामने रखा, सीएम बघेल ने पूर्व मंत्री श्री चंद्राकर की बातों को गम्भीरता से लेते हुए अस्पताल व महाविद्यालय की स्वीकृति का परीक्षण कराने की बात कही।

आमसभा में प्रतिवेदन पाठन कलेक्टर रजत बंसल ने किया तथा जिले में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही प्रमिला ध्रुव को मकान की चाबी के साथ ही कार्य पूर्णता का प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री द्वारा सौंपा गया। इस अवसर पर दो वीडियो प्रदर्शित किए गए। इनमें पहला वीडियो ’जब धमतरी भी सत्याग्रह का मिसाल बना’ और दूसरा वीडियो मुख्यमंत्री की सोच और ग्राम स्वराज को साकार करते ग्रामवासी’ शामिल है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती छाया वर्मा, कोंडागांव विधायक श्री मोहन मरकाम, महासमुंद विधायक  विनोद चन्द्राकर, सिहावा विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव मोहला- मानपुर विधायक इन्द्रशाह मंडावी, पण्डरिया विधायक  ममता चन्द्राकर, कांकेर विधायक शिशुपाल सोरी रामगोपाल अग्रवाल , कोको पाढ़ी ,मोहन लालवानी,पूर्व विधायक लेखराम साहू, हर्षद मेहता ,अम्बिका मरकाम ,भरत नाहर ,मुकेश कोसरे ,कृष्ण कुमार मरकाम ,राजा देवांगन सहित अनेक विधायकगण, गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, आमजन उपस्थित थे।

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने