गांधीजी के विचार और दर्शन आज भी प्रासंगिक व यथार्थ: प्रेमसाय सिंह


गांधी विचार पदयात्रा के तीसरे दिन स्कूल शिक्षा मंत्री व मोहन मरकाम ने की अगुवाई 

 

धमतरी,  गांधी विचार पदयात्रा के तीसरे दिन आज सुबह कुरूद विकासखण्ड के ग्राम भुसरेंगा से जत्था रवाना, जो ग्राम चोरभट्ठी पहुंचा। पदयात्रा में प्रदेश के स्कूल शिक्षा, अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, सहकारिता मंत्री श्री प्रेमसाय सिंह शामिल हुए। उन्होंने यहां आयोजित सभा में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी के विचार और दर्शन आज भी उतना ही प्रासंगिक व यथार्थ है। उन्होंने आगे कहा कि गांधी जी की बदौलत ही भारत को अंग्रेजी दासता से मुक्ति मिली है। उनका उद्देश्य सिर्फ भारत को आजादी दिलाना ही नहीं, अपितु देश को स्वावलंबी, स्वस्थ, स्वच्छ और मजबूत समाज तैयार करना भी था। उनके आदर्शों पर चलकर ही हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजली अर्पित कर सकते हैं।

इस मौके पर कोण्डागांव विधायक व पदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने अपने उद्बोधन में कहा कि गांधी विचार पदयात्रा का उद्देश्य बापू के आदर्शों को जनमानस तक पहुंचाना है। प्रदेश सरकार उनके विचारों को घर-घर पहुंचाने का कार्य कर रही है। श्री मरकाम ने आगे कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार एक लाख करोड़ बजट में 38 हजार करोड़ सिर्फ किसानों के लिए प्रावधानित किया है, जो किसानों की सच्ची हितैषी होने का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि 11 हजार करोड़ रूपए की कर्जमाफी जैसे कई ऐतिहासिक कदम सरकार ने उठाए हैं। इसके अलावा सभा को कांकेर विधायक  शिशुपाल सोरी, महासमुंद विधायक  विनोद चन्द्राकर, मानपुर-मोहला विधायक इंद्रसाय मण्डावी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सिहावा विधायक डाॅ.लक्ष्मी ध्रुव,पूर्ण चंद  पाढ़ी ,जिलाध्यक्ष  मोहन लालवानी, धर्मेन्द्र यादव, जिला पंचायत सदस्य नीशू चन्द्राकर,जिला महामंत्री विजय देवांगन ,स्वप्निल मिश्रा,कार्यकारी अध्यक्ष जिला युवा कांग्रेस कृष्ण कुमार मरकाम  निखिलेश देवान सहित वरिष्ठ नेतागण एवं काफी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

तत्पश्चात् सभी मंचस्थ अतिथियों ने ग्राम बगदेही के लिए पदयात्रा की। रास्ते में जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। इसके बाद बगदेही में भी सभा आयोजित की गई। उल्लेखनीय है कि आज तीसरे दिन की पदयात्रा ग्राम चोरभट्ठी से बगदेही, यहां से भेण्डरवानी, देवरी, कोसमर्रा, सिहाद होते हुए भखारा पहुंचेगी, जहां पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी इसमें सम्मिलित होंगे, तदुपरांत विशाल जनसभा को वे संबोधित करेंगे।

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने