योग दिवस

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चार हजार लोगों ने  किया योगाभ्यास

 


धमतरी,  पांचवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे देश सहित जिले में भी इसका आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के तत्वावधान में मुख्य आयोजन स्थल स्थानीय मेनोनाईट स्कूल परिसर में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सिहावा विधायक डाॅ. लक्ष्मी ध्रुव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता धमतरी विधायक  रंजना साहू ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नगरपालिक निगम धमतरी की महापौर  अर्चना चैबे उपस्थित रहकर योग किया। जिला स्तरीय आयोजन स्थल में चार हजार से भी अधिक जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, शिक्षकवृंद, नगरवासी सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने शामिल होकर सामुहिक योगाभ्यास किया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज सुबह सात से आठ बजे के बीच आयुष विभाग की मास्टर ट्रेनर द्वारा सामूहिक योगाभ्यास कराया गया, जिसमें विभिन्न मुद्राओं वाले सहज एवं सरल योग एवं योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसमें मुख्यतः तीन प्रकार के योगासन कराए गए, जिसमें खड़े होकर, बैठकर तथा लेटकर किए जाने वाले अभ्यास शामिल हैं। मास्टर ट्रेनर ने सबसे पहले ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटि संचालन, घुटना संचालन का शारीरिक अभ्यास कराया। इसके पश्चात् खड़े होकर किए जाने वाले ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन तथा त्रिकोणासन का अभ्यास कराया। तदुपरांत बैठकर किए जाने वाले आसन यथा भद्रासन, वज्रासन, अर्ध-उष्ट्रासन, शशकासन, उत्तानमण्डूकासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन और शलभासन कराया। तत्पश्चात् लेटकर किए जाने वाले सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्ध-हलासन, पवनमुक्तासन और अंत में शवासन कराया। योगासन के उपरांत कपालभाति और प्राणायाम की मुद्राओं का भी अभ्यास कराया, जिसमें नाड़ीशोधन प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, शीतलीकरण और भ्रामरी प्राणायम सम्मिलित हैं।






योगाभ्यास के पूर्व मुख्य अतिथि डाॅ. लक्ष्मी ध्रुव ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान परिवेश में मानव जीवन में योग का स्थान महत्वपूर्ण है। तन और मन की शुद्धता के लिए योग बेहद ही आवश्यक है। इस अवसर पर धमतरी विधायक श्रीमती साहू और महापौर श्रीमती चैबे ने भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे प्रत्येक मनुष्य को उसके जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने का आव्हान किया। अतिथियों के साथ-साथ कलेक्टर  रजत बंसल, एस.पी. बालाजी राव, जिला पंचायत के सी.ई.ओ. विजय दयाराम के., अपर कलेक्टर द्वय के.आर. ओगरे एवं  दिलीप अग्रवाल ने भी मंच साझा करते हुए योगाभ्यास किया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित योग कार्यक्रम में चार हजार से अधिक लोग शामिल हुए, जिनमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन शिक्षक व छात्र-छात्राएं, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस व होमगाॅर्ड के जवान, स्वास्थ्य विभाग की ए.एन.एम., एनसीसी, स्काउट एवं रेडक्राॅस सोसायटी के वाॅलिंटियर्स, स्वसहायता समूहों की महिलाएं सहित काफी संख्या में नगर के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने भी शामिल होकर सामूहिक योगाभ्यास किया। इसके अलावा जिले की सभी नगर पंचायतों, जनपद पंचायतों में भी योग एवं योगासन का अभ्यास कराया गया।            

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने