खाद्य सचिव कमलप्रीत सिंह ने किया जिले के धान खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण



जिले में अब तक 4,49,000 क्विंटल धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की गई


धमतरी । जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी गत एक दिसंबर से समितियों के जरिए की जा रही है। खरीदी केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था, खरीदे जा रहे धान की गुणवत्ता, बारदानों की उपलब्धता इत्यादि की जानकारी लेने आज खाद्य सचिव कमलप्रीत सिंह कुरुद के चिटौद, कोडे़बोड़, धमतरी के छाती और संबलपुर खरीदी केंद्रों में अचानक पहुँचे। उन्होंने जिले के खरीदी केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक मशीन से धान तौले जाने पर इसे काफी सराहा। किसानों से चर्चा के दौरान सचिव खाद्य और साथ में मौजूद कलेक्टर  रजत बंसल ने समझाइश दी कि साफ सुथरा, उचित गुणवत्ता के धान, खरीदी केंद्रों में लाएं जिससे कि किसी को भी असुविधा ना हो। साथ ही अमानक धान किसी भी सूरत में केंद्रों में ना लाने की सलाह दी।

 उन्होंने किसानों से धान खरीदी में भुगतान की स्थिति की भी जानकारी ली, किसानों ने संतोष जताया। इस अवसर पर सचिव ने स्वयं केंद्र में बेचने के लिए लाये गये धान की आद्रता नमी मापक यंत्र से नपवाई और समिति प्रबंधकों को सुनिश्चित करने कहा कि धान की नमी 17 प्रतिशत से कम नहीं होनी चाहिए। अगर ऐसा होता है तो उक्त धान नहीं खरीदा जाए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक बी.पी. राजभानु ने बताया कि जिले में बाहरी धान की खरीदी ना हो, इसलिए कोचियों पर निगाह रखने पांच चेक पोस्ट बनाये गए हैं। यहां राजस्व, वन, खाद्य, सहकारिता, परिवहन, मंडी के अधिकारी सयुंक्त रूप से सतत निगरानी कर रहे हैं। जिसमें अवैध धान परिवहन के 85 मामलों में 03 वाहन जप्त कर 15023 क्विंटल धान जप्त किया गया। गौरतलब है कि अब तक जिले में 4,49,000 क्विन्टल धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जा चुकी है। इसमें मोटा धान 55,350 क्विंटल, सरना धान 1,01,564.80 क्विंटल और पतला धान 2,95,958.60 क्विंटल खरीदा गया है।

ज्ञात हो कि कलेक्टर  बंसल द्वारा प्रत्येक धान खरीदी केन्द्र के लिए गठित निगरानी समिति, संबंधित क्षेत्र के पटवारी एवं सचिव को सम्मिलित कर धान खरीदी की निगरानी तथा अवैध धान बिक्री की रोकथाम के लिए ड्यूटी लगाई गई है। इस संयुक्त दल द्वारा प्रत्येक खरीदी दिवस पर उपस्थित रहकर धान की गुणवत्ता, अवैध खरीदी इत्यादि की सतत् निगरानी कर संयुक्त रूप से प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जा रहा है।

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने