धमतरी पुलिस के एक निरीक्षक व प्रधान आरक्षक को मिलेगा राज्य स्तरीय पुरस्कार

 

 


 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर परेड ग्राउंड में किया जाएगा पुरस्कृत


धमतरी।राज्य शासन द्वारा प्रति वर्षानुसार राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राज्य स्तरीय विभिन्न पुरस्कारों से पुरस्कृत किया जाता है।
इसी परिप्रेक्ष्य में धमतरी पुलिस अजाक थाना में पदस्थ निरीक्षक दिनेश कुर्रे थाना प्रभारी अजाक एवं प्रधान आरक्षक दिलहरण सिंह ठाकुर को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय पुरस्कार से पुरस्कृत किए जाने हेतु नामांकित किया गया है। निरीक्षक दिनेश कुर्रे को शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार एवं प्रधान आरक्षक दिल हरण सिंह ठाकुर को मुख्यमंत्री पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। विदित है कि राज्य शासन द्वारा शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार आदिवासी एवं पिछड़ा वर्ग के उत्थान हेतु विशेष योगदान पर तथा मुख्यमंत्री पुरस्कार अनुसूचित जनजाति वर्ग के पीड़ित व्यक्तियों को समयावधि में राहत पहुंचाने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किए जाने के फलस्वरुप दिया जाता है।

       पुलिस अधीक्षक बी.पी. राजभानू ने कहा कि धमतरी जिले के लिए गौरव का विषय है कि राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस के दो ऊर्जावान निरीक्षक दिनेश कुर्रे व प्रधान आरक्षक दिलहरण सिंह ठाकुर को उनके उत्कृष्ट कार्य के फलस्वरूप एक साथ राज्य स्तरीय पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा, इससे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रेरणा लेते हुए अपनी क्षमता के अनुरूप उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रोत्साहन मिलेगा। 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर रावटे, उप पुलिस अधीक्षक अजाक सारिका वैद्य, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अरुण जोशी एवं धमतरी पुलिस के सभी अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु नामांकित किए जाने पर बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी हैं।

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने