पेट्रोलिंग के दौरान मिला अर्ध विक्षिप्त,निकला आंध्र प्रदेश के विजयनगरम का, फिर.....

 


हुलिया दुरुस्त कर रखा गया परिजन आने पर किया जाएगा सुपुर्द


धमतरी।11 दिसंबर को हाईवे पेट्रोलिंग अपने निर्धारित मार्ग में सतत निगाह रखते हुए पेट्रोलिंग कर रही थी कि रात्रि करीबन 10: 10 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 30 स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक अर्ध विक्षिप्त व्यक्ति हाईवे पेट्रोलिंग 1 को अकेला मिला। जिससे उसका नाम पता पूछताछ करने पर अंग्रेजी एवं तेलुगू में बात कर रहा था। वह अपना नाम पता भी नहीं बता पा रहा था, उसे हिंदी नहीं आती थी, केवल विजयनगरम बोला और इशारे से खाना मांगने लगा जिसे तत्काल नवीन ढाबा से खाना लाकर खिलाया गया। पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।


  पुलिस अधीक्षक बी.पी. राजभानु एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर रावटे ने विजयनगरम पुलिस से संपर्क करने निर्देश दिए। सोशल मीडिया के माध्यम से उक्त व्यक्ति की फोटो और वीडियो विजयनगरम पुलिस कंट्रोल रूम को भेजकर संपर्क करने पर ज्ञात हुआ कि इस व्यक्ति की गुमशुदगी रिपोर्ट थाना बालिगापेद्धा में दर्ज है। तब संबंधित थाना के प्रभारी का नंबर लेकर उनसे संपर्क किया गया तो पता चला कि इस व्यक्ति का नाम मर्दाना कन्नम नायडू पिता रामी नायडू उम्र 46 वर्ष निवासी ग्राम गन्नाविथी वेगीपुरम विजयनगरम आंध्र प्रदेश है। जिसकी दिमागी हालत सही नहीं है तथा लॉकडाउन के दौरान घर में बिना बताए पैदल ही निकल गया था। साथ ही उस व्यक्ति के परिजनों का नंबर मिलने पर उनसे वीडियो कॉलिंग के माध्यम से संपर्क किया गया तो उन्होंने पहचान लिया और उसे लेने के लिए वाहन से निकलना बताए। 

       वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उक्त व्यक्ति मर्दाना कन्नम नायडू को नहला-धुला कर नाखून, सेविंग व बाल कटिंग कराया गया तथा नए कपड़े पहनाकर भोजन कराकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। मर्दाना कन्नम नायडू को सुरक्षित रखा गया है, जिसके परिजनों के आने पर सकुशल सुपुर्द किया जाएगा।


       धमतरी पुलिस हाईवे पेट्रोलिंग 1 के प्रधान आरक्षक वीरेंद्र बैस, आरक्षक भुनेश्वर त्रिपाठी, ओम नारायण सोनवानी एवं हेमंत उईके द्वारा मानवता का परिचय देते हुए सराहनीय कार्य किया गया।

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने