मगरलोड में मुख्यमंत्री कन्या विवाह में 28 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

 


जनप्रतिनिधियों ने वर वधु को दिया आशीर्वाद

मगरलोड।महिला बाल विकास विभाग मगरलोड द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का कार्यक्रम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैंसमुंडी में 10 मार्च दिन बुधवार को रखा गया। जिसमें मगरलोड विकासखंड सहित अन्य विकासखंड से 28 जोड़े वर वधु का विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हिंदू रीति रिवाज के अनुसार सर्वप्रथम दूल्हों व बारातियों को लड़की पक्ष व अधिकारियों द्वारा गायत्री मंदिर मगरलोड से पूजा अर्चना करा कर बैंड बाजे के साथ विवाह स्थल ले जाया गया। 

तत्पश्चात विवाह स्थल में पंडित द्वारा विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ विवाह संपन्न किया गया। कार्यक्रम में शासन द्वारा प्रदत सामग्री गद्दा, तकिया, गोदरेज, थाली, पराठ, लोटा, गिलास, कुकर, दूल्हा दुल्हन का सिंगार व वर-वधू दोनों पक्ष को एक हजार नगद राशि व एक हजार रुपये का चेक भेंट किया गया। 

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में सिहावा विधायक डॉ लक्ष्मी ध्रुव थी। अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष ज्योति दिवाकर ठाकुर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास सभापति कृष्णा गंगासागर, नगर पंचायत अध्यक्ष नीतू खिलावन साहू, जिला पंचायत सदस्य कांति कंवर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डीहू राम साहू सहित महिला बाल विकास विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने