बठेना कांड मामले पर सरकार पर बरसे भाजपाई

 


धमतरी।मुख्यमंत्री भुपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्र  में स्थित पाटन के ग्राम बठेना के अनुसूचित जाति के एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत से आक्रोशित भाजपाइयों ने सभी जिला मुख्यालयों में जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। पूर्व में इसी मुद्दे पर जिले लगभग 15 स्थानों पर मुख्यमंत्री का पुतलादहन कार्यक्रम भी भारतीय जनता पार्टी द्वारा किया गया था। 


धमतरी के गांधी मैदान से सरकार पर हमला बोलते हुये भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर शशि पवार ने कहा कि छग की भुपेश सरकार में विकास के आंकड़ों की नही बल्कि अपराध के आंकड़ों की चर्चा हो रही है। प्रदेश में पिछले ढाई वर्षों में हत्या,बलात्कार, लूट, चोरी, उत्पीड़न इत्यादि के लगभग 20000 मामले प्रदेश में अब तक दर्ज हो चुके हैं। यह सरकार अपराधों के कीर्तिमान बना रही है। बठेना की घटना हो या दुर्ग जिले के ही खुड़मुड़ा की घटना हो परिवार के परिवार हताहत हो रहे हैं। राष्ट्रपति के दत्तक कोरवा जाति की महिला का उत्पीड़न हो या कांग्रेस अध्यक्ष के गृह जिले कोंडागांव व केशकाल में आदिवासी युवतियों के साथ दुष्कर्म का मामला हो बस्तर से लेकर सरगुजा तक प्रदेश में नारी की इज्जत नारी का स्वाभिमान अब प्रदेश में सुरक्षित नही है। 


 पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा ने सरकार की खिंचाई करते हुये कहा कि छग की जनता भोली जरूर है परंतु वो खुद पर हुये अत्याचार को भूलती नही है। समय आने पर यहां की जनता कांग्रेस को सबक सिखायेगी। 

 पूर्व महापौर अर्चना चौबे, प्रीतेश गांधी, विजय साहू, मोनिका देवांगन, कुलेश्वर चंद्राकर,राखी साहू सहित अनेक वक्ताओं ने  सरकार को जमकर कोसा। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कविन्द्र जैन ने किया आभार प्रदर्शन जिला मंत्री राजेन्द्र गोलछा ने किया। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद थे।




0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने