जले पैरावट के बीच मिला कंकाल इंसान का, अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

 

file photo

 भूपेंद्र साहू

धमतरी। जिले के बिरेझर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हथबंद फुसेरा में जले हुए पैरावट में मिला कंकाल इंसान की पुष्टि होने के बाद अज्ञात के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया गया है वही फुसेरा का चरवाहा अब तक नहीं मिल पाया है।

 24 फरवरी को ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि हथबंद भर्री खार फुसेरा के पास पैरावट में कुछ हड्डियां दिख रही है।पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पाया कि जले हुए पैरा के बीच कुछ हड्डी के टुकड़े हैं। यदि ढांचा पूरा होता तो अंदाजा लगाया जा सकता था लेकिन कुछ टुकड़ों की वजह से स्पष्ट नहीं हो पा रहा था यह इंसान का है या जानवर का। 

पुलिस ने हड्डियों को जमकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा था जिसकी रिपोर्ट आ गई है।ग्रामीण आशंका जाहिर कर रहे है कि ग्राम फुसेरा का एक चरवाहा घटना के पहले से गायब है। जो कि अभी तक घर नही लौटा है। जिसका गुम इंसान भी दर्ज है। कहीं यह हड्डियां उसी चरवाहे की तो नहीं है।

बिरेझर चौकी प्रभारी शांता लकड़ा ने बताया कि सूचक प्रताप साहू पिता माधव साहू हथबंद ने पुलिस को बताया कि वह अपने गांव के रामाधार साहू के ग्राम हथबंद भर्री खार फुसेरा नाला के पास वाले ढाई एकड़ खेत को करीब 4 वर्षों से रेग लेकर धान फसल की खेती करता है। उन्हीं खेत में से 1 एकड़ खेत के धान फसल के पैरा को इकट्ठा करके रखा था। 12 फरवरी की सुबह 9:00 बजे तक पैरावट सुरक्षित था। 22 फरवरी को पैरावट में आग लग कर  बुझ जाने की जानकारी मिली थी। 24 फरवरी को ग्रामीणों के माध्यम से पैरावट के अंदर अवशेष हड्डियों के टुकड़े मिलने की जानकारी होने पर पुलिस वहां पहुंची। हड्डियों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था जिसकी इंसान के होने की पुष्टि हो गई है। इसके बाद अज्ञात के खिलाफ धारा 201 और 302 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।चरवाहा अब तक लापता है।




0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने