धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर ने किया विभिन्न उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण


धमतरी। प्रदेश सहित जिले के सभी 96 धान उपार्जन केन्द्रों में 1 दिसंबर से किसानों का धान खरीदा जा रहा है। केन्द्रों में व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेने कलेक्टर  पी.एस. एल्मा ने जिले के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने धमतरी विकासखण्ड के धान उपार्जन केन्द्र सम्बलपुर, छाती, बागतराई, कुर्रा, पचपेड़ी तथा कुरूद विकासखण्ड के रामपुर और कोड़ेबोड़ केन्द्रों का निरीक्षण किया। 

कलेक्टर श्री एल्मा सुबह सम्बलपुर स्थित धान खरीदी केन्द्र पहुंचे, जहां पर उन्होंने शासन द्वारा 34 बिन्दुओं पर निर्धारित मूलभूत सुविधाओं एवं आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने धान बेचने आए किसानों से फीडबैक भी लिया, जिस पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में संतुष्टि जाहिर की। कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को शासन द्वारा निर्धारित गुणवत्तानुसार ही धान खरीदने के लिए निर्देशित किया। साथ ही किसी प्रकार की व्यावहारिक दिक्कत आने पर तत्काल संबंधित नोडल अधिकारी से सम्पर्क कर जानकारी देने की बात कही। उन्होंने यह स्पष्ट तौर पर कहा कि यह शासन का सर्वोपरि महत्पूर्ण कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम छाती, बागतराई, कुर्रा, पचपेड़ी सहित कुरूद विकासखण्ड के ग्राम रामपुर व कोड़ेबोड़ स्थित धान खरीदी केन्द्रों का सिलसिलेवार निरीक्षण करते हुए मूलभूत सुविधाओं और धान खरीदी से संबंधित उपलब्ध उपकरणों व सामग्रियों की रैण्डमली जांच की। इस दौरान किसानों ने बेचे जाने वाले धान के 25 फीसदी जूट के बारदाने से संबंधित समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया, इस पर कलेक्टर ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन ने आज ही निर्देश जारी किया है कि जूट के पुराने बारदानों की कीमत 18 रूपए से बढ़ाकर 25 रूपए प्रति नग कर दिए गए हैं, इसलिए वे निश्चिंत होकर अपने बारदानों में लाएं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि उनके खाते में धान की राशि के साथ ही बारदानों की रकम तत्काल जमा कर दी जाएगी। किसानों ने शासन के उक्त निर्णय पर प्रसन्नता जाहिर की। 


इस दौरान बताया गया कि जिले में आज की तिथि के लिए काटे गए कुल टोकन के 98 फीसदी यानी 2317 किसानों के द्वारा  शाम तक कुल 4675.72 मेट्रिक टन धान की खरीदी की गई। यह भी बताया गया कि 106 राइस मिलर्स में से 22 मिलर्स को कस्टम मिलिंग की अनुमति प्रदान की गई है।




0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने