इस वर्ष अनुमानित 4,84287 मेट्रिक टन धान खरीदी की जाएगी,कलेक्टर पी एस एल्मा ने व्यवस्थित धान खरीदी की तैयारी की दी जानकारी



धमतरी। प्रदेश के मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप ज़िले में इस साल पंजीकृत किसानों से एक नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी जोरों पर है। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के ज़रिए जिलों में इसकी तैयारी की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर पी.एस.एल्मा ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में अनुमानित चार लाख 84 हजार 287 मिट्रिक टन धान खरीदी की जाएगी। यहां कुल 74 समितियों के 96 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी के लिए 10 अक्टूबर तक नोडल अधिकारी नियुक्त कर लिए जाएंगे। वहीं 11 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक इलेक्ट्रॉनिक तौल/तराजू-बाट/ धर्मकांटा का सत्यापन पूरा कर लिया जाएगा। 


                 ज़िले में धान खरीदी के लिए 24 हजार 214 गठान बारदाने की जरूरत होगी। अब तक मार्कफेड से नया जूट बरदाना के 12 हजार 624 गठान में से छः हजार 814 गठान मिल गए हैं। इसी तरह मिलर्स से 15 हजार 562 के विरुद्ध 10 हजार 165 और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से तीन हजार 653 के एवज में एक हजार 758 गठान बारदाने मिले हैं। गौरतलब है कि गत खरीफ विपणन वर्ष में एक लाख 12 हजार 227 पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर चार लाख 31 हजार 397 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई थी। व्यवस्थित तरीके से धान खरीदी के लिए इस साल भी खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। इसमें फड़ की साफ-सफाई, तारपोलिन की व्यवस्था, डेनेज, प्रकाश आदि की तैयारी जोरों पर है। कलेक्टर ने आगे बताया कि इस साल अब तक पंजीयन के लिए मिले आवेदनों में दो हजार 134 नए, एक हजार 485 संशोधन वाले आवेदन ऑनलाइन पंजीकृत कर लिए गए हैं। 


 यहां खरीदी केंद्रों में अवैध धान की आवक पर रोक लगाने पांच चेकिंग दल गठित कर लिए गए हैं। इसके साथ ही ज़िले के 13 खरीदी केंद्रों को संभावित अतिसंवेदनशील केंद्र के रूप में चिन्हांकित किया गया है।

                 कलेक्टर ने बताया कि यहां के भोयना, भाठागांव, चिटौद, जवरगांव में कुल एक लाख 55 हजार मीट्रिक टन धान भंडारण क्षमता है। अंतर्जिला कस्टम मिलिंग की तैयारी भी कर ली गई है। वीडियो कॉन्फ्रेंस में मुख्य सचिव श्री जैन ने कलेक्टर्स को निर्देश दिए हैं कि गिरदावरी का सत्यापन भी जल्द पूरा करें, ताकि समय रहते उसे ठीक किया जा सके। एनआईसी कक्ष में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में अपर कलेक्टरचन्द्रकांत कौशिक, खाद्य, कृषि एवं संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।



                                                                                                        

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने