22 साल के युवा छत्तीसगढ़ राज्य को नई दिशा दिखा रही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रदेश सरकार

 


संसदीय सचिव गुरुदयाल सिंह बंजारे ने बतौर मुख्य अतिथि ज़िले में आयोजित राज्योत्सव में की शिरकत


धमतरी।राज्य स्थापना के 22 साल हो गए हैं। इस युवा राज्य को नई ऊर्जा और दिशा दिखाने का काम प्रदेश के मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार कर रही है। आज विभिन्न न्याय योजनाओं के माध्यम से अंतिम छोर तक के व्यक्ति को लाभान्वित किया जा रहा है। ग्रामीण औद्योगिक पार्क गौठानों में विकसित करने की पहल भी इसी कड़ी में एक पहल है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके और महिला, युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार मिल सके। शाम पांच बजे से स्थानीय डॉ.शोभाराम देवांगन स्कूल परिसर में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उक्त बातें संसदीय सचिव गुरुदयाल सिंह बंजारे ने कही। वे यहां बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने आगे बताया कि किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने लगातार प्रदेश सरकार प्रयास कर रही है। यहां तक कि  प्रदेश के मुख्यमंत्री को लगातार दो बार पूरे देश में नंबर एक मुख्यमंत्री की उपाधि मिली। आज प्रदेश की ख्याति अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी हुई है। अपने उद्बोधन के अंत में उन्होंने सबको राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। 


   कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सिहावा विधायक डॉ.लक्ष्मी ध्रुव ने कहा कि हर वर्ग, तबका, महिला, बच्चों, किसान, युवाओं के लिए पिछले साढ़े तीन साल में अनेक जनकल्याणकारी संचालित की गई हैं। कोदो, कुटकी, रागी को समर्थन मूल्य, साथ ही 65 लघु वनोपज को भी समर्थन मूल्य में खरीदा जा रहा है।   विधायक धमतरी रंजना साहू ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई को याद किया।उन्होंने राज्योत्सव की सबको ढेरों शुभकामनाएं दी। 



   अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड मोहन लालवानी ने मंच से विशिष्ट अतिथि की आसंदी से राज्य स्थापना दिवस के साथ ही सबको धान खरीदी महाभियान की आज से राज्य में शुरुवात पर बधाई दी। इस अवसर पर कार्यक्रम को उपाध्यक्ष अनुसूचित जनजाति राजकुमारी दीवान, ज़िला पंचायत अध्यक्ष  कांति सोनवानी, उपाध्यक्ष ज़िला पंचायत  निशु चंद्राकर, शरद लोहाणा ने भी संबोधित करते हुए राज्य स्थापना की बधाई दी। 


   कलेक्टर पी.एस.एल्मा ने ज़िले की प्रगति प्रतिवेदन का पाठन करते हुए चालू खरीफ विपणन वर्ष में सुव्यवस्थित धान खरीदी की तैयारी, महती सुराजी गांव योजना के तहत गोबर खरीदी, ज़िले में विकसित किए जा रहे आठ ग्रामीण औद्योगिक पार्क आदि के संबंध में जानकारी दी। इस मौके पर मंच में निगम सभापति अनुराग मसीह, नगर पंचायत कुरूद अध्यक्ष  तपन चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष कुरूद शारदा साहू, धमतरी जनपद अध्यक्ष  गूंजा साहू,  जनपद अध्यक्ष मगरलोड ज्योति ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष मगरलोड नीतू साहू, ज़िला पंचायत सदस्य  गोविंद साहू और कविता बाबर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में आभार प्रदर्शन मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत प्रियंका महोबिया ने किया। मंचीय कार्यक्रम से पहले आज संसदीय सचिव सहित सभी अतिथिगण विकास कार्यों को दर्शाती विभागीय स्टॉल का अवलोकन कर उसे सराहा। यहां आज 27 विभागों ने विकास प्रदर्शनी लगाई थी।मंचीय कार्यक्रम के बाद विभिन्न स्कूलों के बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ कविता वासनिक का कार्यक्रम हुआ।



                                                                                                                                            

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने