2023 में भूपेश बघेल सीएम और 2024 में प्रधानमंत्री राहुल गांधी बनेंगे:लखमा

 



भूपेंद्र साहू

धमतरी।छत्तीसगढ़ सरकार के आबकारी, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा बस्तर से रायपुर जाते वक्त थोड़ी देर के लिए कृदत्त कॉलोनी स्थित रामभवन कुशवाहा के यहां रुके। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कई मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की बहुमत आएगी और भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बनेंगे। इसी तरह 2024 में देश में कांग्रेस से राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। बस्तर का विकास, युवाओं को टिकट, आबकारी नीति, शराबबंदी जैसे कई विषयों पर चर्चा की गई।


 छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री कवासी लखमा रविवार को अल्प प्रवास पर धमतरी पहुंचे। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 2023 में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से विजयी होगी और भूपेश बघेल ही मुख्यमंत्री बनेंगे। 2024 में देश में बदलाव आएगा और कांग्रेस से राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव में युवाओं को टिकट देने की बात पर उन्होंने कहा कि यह हाईकमान का फैसला है, लेकिन उनकी व्यक्तिगत राय है कि युवा हो चाहे सियान जीतने वालों को ही टिकट मिलना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह हाईकमान तय करेगा, वह तो एक मामूली कांग्रेस के सिपाही हैं।

 4 सालों में हुआ बस्तर का चौमुखी विकास

 चर्चा के दौरान बस्तर के विकास के संबंध में उन्होंने विस्तृत चर्चा की। कहा 15 साल तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार थी तब बस्तर पूरी तरह से डूब गया था।  बस्तर के लोग नेहरू-गांधी परिवार को पसंद करते हैं। आदिवासियों का विकास कांग्रेस शासनकाल में ही संभव हो पाया है।इंदिरा गांधी ने बस्तर को आगे बढ़ाया है। डॉक्टर,शिक्षक, पुलिस, सेना में नौकरी कर रहे हैं। भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री बनने के बाद बस्तर क्षेत्र में विकास की धारा बही है। भाजपा के जितने भी मंत्री हुए लेकिन कहीं कोई विकास नहीं हुआ। केदार कश्यप के कार्यकाल में बस्तर का विकास ठप हुआ था। आदिवासियों का जमीन छिना गया। मुख्यमंत्री ने छोटे डोंगर, भानपुरी जैसे छोटे-छोटे जगहों को तहसील बनाकर एक बड़ा काम किया है।  पहले 2रु किलो में महुआ बिकता था, अब 30रु किलो हो गया है। यहां के वनोपज विदेशों में भेजे जा रहे हैं।


 अधिवेशन से फायदा नुकसान का आकलन नहीं 

रायपुर में हुए राष्ट्रीय अधिवेशन के संबंध में उन्होंने कहा कि इसमें फायदा नुकसान की बात नहीं है। देश के कोने-कोने से आए कांग्रेसी नेताओं ने यहां की विकास को देखा है। कांग्रेस नीति बनाने वाली पार्टी है।

  बस्तर में शराबबंदी संभव नहीं

 शराबबंदी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि घोषणापत्र में कहा था कि सोचेंगे। शराब पीना एक सामाजिक बुराई है। राजनीति से ऊपर उठकर हम यह कार्य करेंगे। भाजपा का दांत दिखाने का अलग और खाने का अलग है। टीम अभी बिहार गई हुई थी इसके बाद मिजोरम जाएगी। लेकिन बस्तर में शराबबंदी संभव नहीं है।हर पर्व एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम में इसकी आवश्यकता पड़ती है।

 इस दौरान दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष मोहन लालवानी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष शरद लोहाना, महापौर विजय देवांगन,रामभवन कुशवाहा, उमेश सिंह आदि मौजूद थे।



0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने