वृन्दावन चंद्रोदय मंदिर में मनाया गया भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

 पंचगव्य, जड़ी बूटी, फल के रसों एवं फूलों से किया श्रीश्री राधा वृन्दावन चंद्र का महाभिषेक



प्रमेंद्र अस्थाना वृंदावन (मथुरा)।
भगवान् श्रीकृष्ण की नगरी वृन्दावन में आज स्वामी ए.सी. भक्ति वेदांत मार्ग स्थित श्रीश्री राधा वृन्दावन चंद्रोदय मंदिर में भगवान् श्रीकृष्ण के जयंती महामहोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आज के इस पावन अवसर पर प्रातः कालीन राधा वृन्दावन चंद्र की धूप आरती, नवीन पोषाक धारण, फूल बंगला, झूलन उत्सव के साथ छप्पन भोग का आयोजन हुआ।



इसमें श्रीश्री राधावृन्दावन चंद्र का महाभिषेक वैदिक मंत्रोच्चारण, पंचगव्य दूध, दही, घी , शहद, मिश्री एवं 108 प्रकार के फलों के रस, विभिन्न जडी बूटियों एवं फूलों से महाभिषेक प्रक्रिया को संपन्न किया गया। इस मौके पर ठाकुर राधावृन्दावन चंद्र को हरित एवं श्याम वर्ण के रेशम एवं चांदी से कढ़ाई किए हुए वस्त्र धारण कराए गए। इस दौरान निताई गौरांग को भी बहुत आकर्षक वस्त्र धारण कराये गए एवं उन्हें विशेष रूप से तैयार की गई पुष्पों की माला से सजाया गया।

कार्यक्रम की श्रृंखला में इत्र, प्राकृतिक सुगंधित अगरब्त्तीयों से वातावरण कृष्णमय हो गया। मध्यरात्रि में आयोजित महाभिषेक उत्सव के लिए हजारों की संख्या में भक्तगण उपस्थित होकर श्रीश्री राधा वृन्दावन चंद्र का आशीष प्राप्त किया। इससे भक्तों ने गौड़ीया वैष्णव संगीत के साथ भाव विभोर होकर हरिनाम संकीर्तन किया। वहीं जैसे ही रात्रि के 12 बजे श्रीकृष्ण का जन्म हुआ भगवान के नाम के जयकारों से सारा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर मुख्य रूप से भरतर्षभ दास, युधिष्ठिर कृष्ण दास, श्री अनंतवीर्य दास, रसराज कृष्ण दास, केवल्यपति दास, सुरेश्वरा दास, बलभद्रा दास जी, अंगद कृष्ण दास एवं जनक दास सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने