VDO:गांधी के सत्य, अहिंसा और भाईचारा के विचारों के साथ कंडेल से गांधी विचार पदयात्रा शुरू की गई- भूपेश बघेल


 कंडेल में महात्मा गांधी के नाम पर खोला जाएगा महाविद्यालय,रबी फसल की सिंचाई के लिए नहर से दिया जाएगा पानी


मॉडम सिल्ली बांध का नाम अब होगा बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव बांध

धमतरी, कंडेल से रायपुर तक निकाली जाने वाली गांधी विचार पदयात्रा आज प्रदेश के मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल के नेतृत्व में कंडेल से शुरू हुई। इस अवसर पर कण्डेल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित आम सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्रीबघेल ने कहा कि महात्मा गांधी पहले भी प्रासंगिक थे, आज भी हैं और युगों-युगों तक प्रासंगिक रहेंगे। प्रदेश सरकार उनके बताए मार्ग पर चल गरीब, किसान, महिलाओं और कमजोर तबके के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सविनय अवज्ञा आंदोलन के परिपालन में धमतरी के कंडेल में स्वर्गीय श्री बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में ब्रिटिश सरकार के नहर के पानी से सिंचाई के लिए टैक्स वसूली के विरुद्ध कंडेल नहर सत्याग्रह छेड़ा गया।

महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के अवसर पर उन्हीं स्मृतियों को ताजा करने कंडेल से गांधी मैदान रायपुर तक ’गांधी विचार पदयात्रा’ आज कंडेल से शुरू की गई है। यह धमतरी के विभिन्न क्षेत्र से होते हुए 10 अक्टूबर को राजधानी रायपुर के गांधी मैदान में समाप्त होगी। इस दौरान राष्ट्रपिता के अहिंसा, सत्य और भाईचारा के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कंडेल में महात्मा गांधी के नाम पर महाविद्यालय खोलने, निकट के गाँव गोपालपुरी में उच्चतर माध्यमिक शाला का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय हजारी लाल जैन के नाम पर करने, रबी फसल के लिए नहर से पानी देने की घोषणा के अलावा कहा कि मॉडम सिल्ली बांध को अब से स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी बाबु छोटेलाल श्रीवास्तव के नाम से जाना जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शाॅल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया।

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के संसदीय कार्य, विधि एवं विधायी कार्य, कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी, पशुपालन, मछलीपालन, जल संसाधन एवं आयाकट मंत्री रविन्द्र चैबे ने कहा कि छत्तीसगढ़ की इतिहास, कला, संस्कृति को सहेजना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इसी कड़ी में ऐतिहासिक कण्डेल नहर सत्याग्रह की स्मृति में यह गांधी विचार पदयात्रा कण्डेल से निकाली जा रही है। इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के वाणिज्यिक कर(आबकारी), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री  कवासी लखमा ने उपस्थितों का आह्वान किया कि वे महात्मा गांधी के दिखाए सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलें। कार्यक्रम को कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण विधायक अभनपुर  धनेन्द्र साहू ने दिया। इस अवसर पर अतिथियों ने संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग द्वारा निकाली गई पुस्तिका ’गांधी मीमान्सा’ का मंच से विमोचन किया। साथ ही नहर सत्याग्रह पर आधारित वीडियो ’जब धमतरी भी सत्याग्रह का मिसाल बना’ का प्रदर्शन किया गया।




 इस मौके पर लोक निर्माण, गृह, जेल, धर्मस्व एवं पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू, परिवहन विभाग, आवास एवं पर्यावरण, वन विभाग मंत्री  मोहम्मद अकबर, स्कूल शिक्षा, अनुसूचित जाति, जनजाति अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, सहकारिता मंत्री  प्रेम साय सिंह टेकाम, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण मंत्री अनिला भेडिया, उच्च शिक्षा मंत्री  उमेश पटेल, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, पंजीयन एवं स्टाम्प मंत्री  जय सिंह अग्रवाल, राज्यसभा सांसद  छाया वर्मा, पूर्व विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्व सांसद करूणा शुक्ला सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महादेव प्रसाद पाण्डे, कलेक्टर रजत बंसल, पुलिस अधीक्षक बालाजी राव सोमावार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  विजय दयाराम के., गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने