प्रभारी मंत्री ने गागरा में 57.5 लाख और रामपुर में 37 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन




धमतरी 17 जून 2020। प्रदेश के वाणिज्यिक कर, वाणिज्य उद्योग तथा जिले के प्रभारी मंत्री  कवासी लखमा ने  धमतरी विकासखंड की ग्राम पंचायत गागरा में कुल 57 लाख 50 हजार रुपए के पांच  निर्माण कार्यों का विधिवत् लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 5 लाख रुपए की लागत से शासकीय माध्यमिक शाला परिसर में अहाता निर्माण, 39 लाख रुपए की पेयजल पानी टंकी का भूमिपूजन तथा ढाई लाख रुपए की लागत से रंगमंच भवन साहूपारा, 5 लाख रुपए की लागत वाला धीवर समाज भवन एवं छह लाख रुपए की लागत से तैयार किए गए शासकीय प्राथमिक शाला भवन में अहाता निर्माण का लोकार्पण किया। इसके पहले प्रभारी मंत्री श्री लखमा ने ग्राम के शहीद जवान श्री संतोष नेताम की मूर्ति पर पुष्पगुच्छ अर्पित किया। इस अवसर पर महापौर  विजय देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष कांति सोनवानी, उपाध्यक्ष  नीशू चंद्राकर, शरद लोहाणा, मोहन लालवानी,तारिणी चंद्राकर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि गण उपस्थित थे।

 रामपुर में37 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
 कहा- कोरोना महामारी के आपदा काल में भी प्रदेश सरकार निभा रही सकारात्मक भूमिका
 प्रभारी मंत्री श्री कवासी लखमा ने कुरूद विकासखंड की ग्राम पंचायत रामपुर में 37 लाख 5 हजार रुपए के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पूरे विश्व को कोरोना महामारी के संकट काल से गुजर ना पड़ रहा है। ऐसे प्रतिकूल दौर में भी मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार सकारात्मक भूमिका निभा रही है। 
       ग्राम पंचायत रामपुर (भखारा) पहुंचकर 37 लाख 5 हजार रूपए के छह निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें छह लाख 50 हजार रुपए की लागत निर्मित शीतला सामुदायिक भवन, एक लाख रुपए से निर्मित हाई स्कूल रंगमंच निर्माण तथा 5.65 लाख रुपए के हाईमास्ट सोलर लाइट का लोकार्पण शामिल हैं। इसी तरह 7.55 लाख रुपए के धान खरीदी चबूतरा निर्माण, 11.35 लाख रुपए का हाट बाजार शेड निर्माण तथा 5 लाख रुपए की लागत वालेे ग्राम पंचायत में अतिरिक्त कक्ष निर्माण सह सायकल स्टैंड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन प्रभारी मंत्री ने किया। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए आगे कहा कि किसान पुत्र मुख्यमंत्री श्री बघेल प्रदेशवासियों के दुख-दर्द से भली-भांति अवगत हैं।  अपने वायदे के मुताबिक प्रदेश की सरकार ने 2500 रुपए प्रति क्विंटल के मान से मेहनतकश किसानों से धान- खरीदी की। वहीं अंतर की राशि की अदायगी राजीव गांधी किसान न्याय योजना के जरिए की जा रही है। कैबिनेट मंत्री श्री लखमा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और शासन- प्रशासन आम जनता के साथ है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा कतिपय मांगों एवं समस्याओं के निराकरण के बारे में उन्होंने संबंधित विभाग के मंत्री से पत्राचार कर अवगत कराने की बात कही। ग्रामीणों को महापौर श्री विजय देवांगन तथा जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री नीशू चंद्राकर ने संबोधित करते हुए शासन की नीतियों पर संक्षिप्त में प्रकाश डाला। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष  कांति सोनवानी, कुरूद के पूर्व विधायक लेखराम साहू, नगर पंचायत भखारा के पूर्व अध्यक्ष  भरत नाहर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि गण उपस्थित थे।

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने