325 प्लस पर लड़ रही है भारतीय जनता पार्टीः योगी आदित्यनाथ

 

किसानों का भला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ही किया है: जे.पी. नड्डा


अकरम खान,स्टेट ब्यूरो

एटा(यूपी)।एटा के सैनिक पड़ाव के रामलीला मैदान में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने ब्रज क्षेत्र के 19 जिलों से आये बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। 

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा के बूथ अध्यक्षों को गर्व होना चाहिए कि उन्होंने सेवा करने के लिए जिस राष्ट्रीय दल का चयन किया है वह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। इस दल के लिए सबसे बड़ा हित देश होता है। एटा का मेडिकल कालेज प्रधानमंत्री के कर कमलों से प्रारम्भ हुआ है। पूरी दुनियां वर्तमान में कोरोना महामारी का सामना कर रही है। दुनियां की बड़ी-बड़ी ताकतें पस्त होती दिखाई दे रही हैं। सबसे बड़ी शक्ति अमेरिका की इस कोरोना महामारी में हालत खराब है। रूस, चीन, यूरोप की स्थिति भी अच्छी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना महामारी में बेहतर प्रबंधन किया है। 

 25 मार्च से लाॅकडाउन प्रारम्भ हुआ था। भाजपा कार्यकर्ता देश के एक-एक व्यक्ति की जान बचाने का कार्य कर रहा था। कोरोना काल में मैं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में भी गया था। कोरोना में कांगे्रस, बसपा कहां थी? बबुआ के लिए तो कहना ही क्या है? उस समय इन लोगों का कोई अता-पता ही नहीं था। घरों में बैठे ट्विटर पर दुष्प्रचार कर रहे थे। सेवा ही संगठन है के मंत्र को लेकर भाजपा कार्यकर्ता ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर जनता की सेवा कर रहा था। देश के कोरोना प्रबंधन की दुनियां सराहना कर रही है और देश उत्तर प्रदेश की सराहना कर रहा है। लेकिन विपक्षी पार्टियों को कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। 

 मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योतदय परिवार के हर सदस्य को 5 किलो खाद्यान्न, 1 किलो दाल, तेल, नमक चीनी आदि मिल रहा है। फ्री में वैक्सीन लग रही है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से कहा कि कोई भी व्यक्ति राशन से बंचित नहीं होना चाहिए, प्रत्येक व्यक्ति को वैक्सीन लगनी चाहिए। यह सब गारंटी हम सबको निभानी होगी। 2021 में 11 महीनों से फ्री खाद्यान्न योजना के तहत खाद्यान्न दिया जा रहा है। इन 11 महीनों में से 7 महीनों में 2-2 बार खाद्यान्न योजना उपलब्ध होने जा रही है। पिछली सरकारों में माफिया हावी थे। खाद्यान्न माफियाओं के हाथों में चला जाता था। जो माफिया पहले गरीबों की सम्पत्ति पर कब्जा करते थे,बहन बेटियों, व्यापारियों की सुरक्षा पर खतरा थे। वे माफिया अपनी जान बचाने के भागे फिर रहे हैं।  विकास के बड़े-बड़े कार्य हो रहे हैं। 18 तारीख को इसी ब्रज क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास करने जा रहे हैं। विपक्ष के लोगों को विकास की योजनाओं को देखकर दौरे पड़ने लगते हैं। उन्हें सपने आ रहे हैं कि यह काम तो हम करने वाले थे। उन्होंने बूथ जीता तो चुनाव जीता के बूथ अध्यक्षों से नारे लगवाये। 

 भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में आये भाजपा के बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि दुनियां की सबसे बड़ी पार्टी जब सम्मेलन करती है तो बहुत बड़ी सभा बन जाती है। हमारे नेता योगी जी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं में निष्ठा कूट-कूट कर भरी हुई है। सोच ईमानदार है, काम दमदार है। ये फर्क कार्यकर्ताओं को साफ दिखता है। क्योंकि नेतृत्व ने ईमानदारी से काम किया है तो हमारे कार्यकर्ताओं ने भी सेवा का काम किया है। जो लोग मेरे सामने बूथ अध्यक्ष के रूप में बैठे हैं वे भविष्य मंे मंच पर हमारी जगह बैठेंगे, यह भाजपा में ही सम्भव है। यहां जितने भी नेता मंच पर बैठे हैं वे वंशवाद से नहीं बल्कि अपने कार्य के बल पर बैठे हैं। 

 श्री नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, पंजाब, बंगाल, केरल, आंध्र प्रदेश हर जगह क्षेत्रवाद और वंशवाद की पार्टियां हैं। सभी वोट बैंक की राजनीति करते हैं। विपक्ष की पार्टियां जिन्ना के नाम पर राजनीति करती हैं, हमारी पार्टी विकासशील पार्टी है हम विकास की बात करते हैं। हमारी पार्टी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर एक देश में चल रहे दो निशान और दो विधान को समाप्त कर एक देश में एक निशान, एक विधान और एक संविधान स्थापित किया है। 

 भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने 3 तलाक समाप्त करने के लिए कहा। आपने उंगली से बटन दबाया और उसी उंगली के दम पर 3 तलाक बंद करा दिया। उन्होंने सम्मेलन में आये लोगों से पूछा कि यदि अखिलेश की सरकार होती तो क्या राम मंदिर बनता क्या? उन्होंने कहा कि मैं अब किसान की बात करता हूं। मैं आज दावे के साथ कहना चाहता हूं कि बहुत लोगों ने किसानों के नाम पर नेतागीरी की लेकिन किसानों का भला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ही किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में 1लाख 53 हजार करोड़ रूपये 11 हजार करोड़ किसानों के खाते में डालने का काम नरेन्द्र मोदी ने किया है। प्रधानमंत्री ने नीम कोटेड यूरिया किसानों तक पहुंचाने का काम किया है। 

 उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों का 1 लाख 40 करोड़ से अधिक भुगतान योगी जी ने किया है। अखिलेश सरकार के समय का उधार 11 हजार करोड़ का भुगतान भी योगी जी ने किया है। 2022 तक उत्तर प्रदेश की धरती पर 47 मेडिकल कालेज खुलेंगे। 

 उन्होंने कहा कि हम जब गन्ना की बात करते हैं तो उनके मुंह से जिन्ना निकलता हैं देश और प्रदेश को उन पार्टियों से खतरा दिखता है जिन्हें सरदार बल्लभ भाई पटेल के बजाय जिन्ना दिखाई देता है। यहां कोई माफिया नहीं टिकता। आपको याद होगा जब उत्तर प्रदेश दंगा प्रदेश था। यह नई सपा नहीं है, यह वही सपा है। ऐसे लोगों को घर बैठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि योगी जी के नेतृत्व में नेताओं की श्रंृखला है। हमारे पास नेता हैं, काम करने की नीति है, नियत है। दूसरी पार्टियों के पास न नेता हैं, न नियत है और न कार्यक्रम है। 

 बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, मंजुला माहौर, एस. पी.सिंह बघेल, बेबी रानी मौर्य, राजवीर सिंह सांसद, हरनाथ सिंह यादव राज्यसभा सांसद, संतोष गंगवार, लक्ष्मीनारायण, महेश गुप्ता, राम नरेश अग्निहोत्री, अर्जुन मेघवाल, बी.एल. वर्मा, सुरेश खन्ना, क्षेत्रीय मंत्री रजनीकांत माहेश्वरी आदि भाजपा के नेता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने