संत कबीर के ज्ञान का प्रकाश आज भी मानव समाज को आलोकित कर रहा: भूपेश बघेल

 


 मुख्यमंत्री ने ग्राम देवपुर में आयोजित संत कबीर सत्संग मेला में की शिरकत


 मेला क्षेत्र सौंदर्यीकरण, कबीर आश्रम विकास के लिए 20 लाख रूपए व सतनामी समाज के लिए 10 लाख रूपए देने की घोषणा की


धमतरी। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धमतरी विकासखण्ड के डोंगेश्वर धाम (डोंगापथरा) देवपुर में आयोजित परख कबीर सत्संग मेला एवं युवोदय कार्यक्रम में शामिल होकर सत्संग भवन सह ध्यान कक्ष और मनन वाटिका का भूमिपूजन किया। साथ ही सद्गुरू अभिलाष साहेब वाचनालय का लोकार्पण भी किया। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की घोषणा के साथ ही मुख्यमंत्री ने संत कबीर आश्रम के विकास के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा मंच से की। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष की मांग पर उन्होंने जैतखाम निर्माण के लिए सतनामी समाज को 10 लाख रुपए देने का भी ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कबीरपंथी तथा ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि संत कबीर के ज्ञान का प्रकाश आज भी मानव समाज को आलोकित कर रहा है। वे न सिर्फ एक संत, कवि और प्रखर समाज सुधारक थे, बल्कि उससे भी आगे बढ़कर उन्होंने लोगों को जीवन जीने की शैली बताई।

ग्राम देवपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास पर कड़े कटाक्ष कर संत कबीर ने हमें बताया कि ईश्वर के बाद केवल सत्य है। साढ़े छह सौ साल बीतने के बाद भी उस समय और आज महान समाज सुधारक और संत कबीर पर शोध किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि संत कबीर के उत्कृष्ट विचारों का छत्तीसगढ़ में गहरा प्रभाव पड़ा है, जिसके सैकड़ों उदाहरण समाज में विद्यमान हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पिछले तीन सालों से धान की खरीदी 2500 रूपए के मान से कर रही है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने गोधन न्याय योजना के बारे में बताया कि अभी गोबर से घर के आंगन लीपे जाते हैं, अब आगे इससे दीवारों की पेंटिंग भी की जाएगी। नशाबंदी की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक सामाजिक बुराई है और इसका खात्मा सिर्फ सरकार द्वारा किया जाना संभव नहीं है, बल्कि सर्वसमाज को दृढ़संकल्प के साथ आगे आना होगा, तभी पूर्ण शराबबंदी संभव है। 

इसके पहले, बाराबंकी उत्तरप्रदेश के पधारे संत निष्ठा साहेब और देवपुर कबीर सत्संग सेवा संस्थान के प्रमुख रविकर साहेब ने कबीरपंथ के उद्देश्य पर संक्षिप्त में प्रकाश डाला। इसके पहले, मुख्यमंत्री ने डोंगेश्वर धाम के दर्शन कर प्रदेशवासियों की खुशहाली और प्रगति की कामना की।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष  रामगोपाल अग्रवाल, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, प्रदेश दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष  विपिन साहू, सिहावा विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, नगर निगम के महापौर विजय देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष कांति सोनवानी, उपाध्यक्ष श्री नीशु चंद्राकर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शरद लोहाना,मोहन लालवानी, पूर्व विधायक धमतरी गुरुमुख सिंह होरा, कुरूद के पूर्व विधायक  लेखराम साहू सहित कलेक्टर पी.एस. एल्मा, एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत की सी.ई.ओ. प्रियंका महोबिया, ए.एस.पी. निवेदिता पाल, एडीएम ऋषिकेश तिवारी, एसडीएम धमतरी श्री विभोर अग्रवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं कबीरपंथ से जुड़े संतगण, गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




     

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने