Video:धरना प्रदर्शन के संबंध में बनाए गए नए नियमों के खिलाफ भाजपाईयों का जमकर प्रदर्शन, 4600 कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी

 





भूपेंद्र साहू

धमतरी।सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान के तहत धरना प्रदर्शन कर गिरफ्तारी दी। गौशाला मैदान से गांधी मैदान तक भाजपाई राज्य सरकार के खिलाफ जमकर बरसते हुए नजर आए। लंबे समय बाद धमतरी में भाजपाईयों की एकजुटता दिखाई दी।

 कुछ दिनों पहले राज्य सरकार ने आंदोलनों और धरना प्रदर्शन के लिए नए कानून, नियम बनाए थे। इसी का विरोध भारतीय जनता पार्टी पहले दिन से कर रही है। भाजपा ने सरकार के इस नए नियम को लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए यह प्रदेश व्यापी आंदोलन किया है। धमतरी में भी पूर्व मंत्री कुरुद विधायक अजय चंद्राकर के नेतृत्व में हजारों  भाजपाइयों ने प्रदर्शन किया। सबसे पहले शहर के पुराने मंडी में एकत्रित हुए वहां से रैली की शक्ल में गौशाला मैदान पहुंचे। वहां एक विशाल सभा की। इस दौरान वक्ताओं ने राज्य के कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए धरना प्रदर्शन के संबंध में बनाए गए नए नियम का विरोध किया।


 फिर गिरफ्तारी देने के लिए शहर के गांधी मैदान पहुंचे। गांधी मैदान भाजपाईयों की भीड़ से खचाखच भर गया था। इसी बीच भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाने में जबरन घुसने की कोशिश की, थोड़ी देर बाद पुलिस ने उन्हें शांत करवा दिया। इसके बाद सभी ने पुलिस में अपनी गिरफ्तारी दी। जिला प्रशासन ने गांधी मैदान को अस्थाई जेल बनाया था। इस आंदोलन में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, धमतरी विधायक रंजना साहू, पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष शशि पवार, पूर्व अध्यक्ष रामू रोहरा, महामंत्री कविंद्र जैन, प्रितेश गांधी, पूर्व महापौर अर्चना चौबे, भाजयुमो जिला अध्यक्ष विजय मोटवानी, महिला मोर्चा अध्यक्ष बीथिका विश्वास सहित सभी मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।


 कोतवाली थाना प्रभारी भुवनेश्वर नाग ने बताया कि भाजपा के 4600 कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी, जिन्हें धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम के पास पेश किया गया।

धमतरी एसडीएम डॉ विभोर अग्रवाल ने बताया कि 4600 लोगों की गिरफ्तारी हुई, जिन्हें स्वयं के मुचलके पर रिहा किया गया। जेल भरो आंदोलन को देखते हुए गौशाला मैदान से गांधी मैदान तक पर्याप्त पुलिस और कार्यपालिक दंडाधिकारियों की व्यवस्था की गई थी।

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने