‘हमर तिरंगा‘ अभियान से अधिक से अधिक लोग जुड़कर राष्ट्रध्वज को दें सम्मान : कलेक्टर


11 से 17 अगस्त तक हर घर फहराया जाएगा तिरंगा


धमतरी। आजादी का अमृत महोत्सव अंतर्गत आमजनों में राष्ट्रध्वज के प्रति आस्था एवं जागरूकता लाने के उद्देश्य से स्वतंत्रता सप्ताह 11 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत प्रत्येक घर, संगठन, कार्यालय एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान में राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा। उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने कलेक्टर पी.एस. एल्मा ने विभिन्न संगठनों, संघों, सामाजिक एवं राजनीतिक पदाधिकारियों की बैठक लेकर इस अभियान से जुड़ने और अधिकाधिक लोगों को शामिल करते हुए हर घर में तिरंगा फहराने की अपील की। इस दौरान उन्होंने झण्डा संहिता के निर्देशों का पालन करते हुए पूरे सम्मान के साथ हर वर्ग, धर्म, जाति, पंथ, समुदाय और संगठन के लोगों को इस अभियान का हिस्सा का बनने का अनुरोध किया।

 कलेक्टर ने कहा कि आगामी 11 से 17 अगस्त के बीच ‘हमर तिरंगा‘ अभियान चलाकर लोगों को राष्ट्रध्वज के प्रति सद्भावना, आस्था और सम्मान की मूल भावना को जागृत करना है और बेहतर होगा कि यह कार्य सावधानीपूर्वक करें। ऐसा कोई काम नहीं करें जिससे तिरंगा की गरिमा व आन, बान व शान को ठेस पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि 11 से 17 अगस्त के बीच राष्ट्रध्वज को दिन में फहराकर रात में भी रख सकते हैं, बशर्तें आदर्श झण्डा संहिता का उल्लंघन ना हो। कलेक्टर ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से अधिकाधिक संख्या में आम लोगों को जोड़कर हर घर तिरंगा फहराने की बात कही। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पुनः राष्ट्रध्वज फहराने की अपील करते हुए झण्डा अधिनियम का पालन करने की बात कही।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रियंका महोबिया ने बताया कि जिले के महिला स्वसहायता समूहों द्वारा निर्धारित आकार एवं अनुपात में तिरंगा ध्वज तैयार किया गया है। जिन्हें राष्ट्रध्वज प्राप्त करना हो समूह की महिलाओं से सम्पर्क कर क्रय सकते हैं। इसके लिए कलेक्टोरेट में स्टाल लगाया गया है। इसके लिए सभी जनपद पंचायतों में राष्ट्रध्वज उपलब्ध कराया गया है।

ए.डी.एम. ऋषिकेश तिवारी ने यह सुनिश्चित करने कहा कि एक खम्भे में सिर्फ एक ही राष्ट्रध्वज फहराएं। साथ ही यह भी ध्यान में रखें कि ध्वज सही क्रम, यानी सबसे उपर में केसरिया, बीच में सफेद और सबसे नीचे हरा रंग, बीच में नीले रंग के अशोक चक्र के साथ में होना जरूरी है। साथ ही यह भी बताया कि जहां पर भी राष्ट्रध्वज फहराया जा रहा हो, उसकी ऊंचाई अन्य झण्डों से अधिक हो।






0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने