पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी श्रंद्धाजलि

 



जिले के 39 शहीदों सहित देश भर के जांबाजों को कलेक्टर एसपी व नागरिकों ने दी श्रद्धांजलि


धमतरी। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल और देश के सभी पुलिस बलों के द्वारा प्रतिवर्ष पुलिस स्मृति दिवस आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस स्मृति दिवस आयोजित कर विभिन्न मोर्चों में कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले प्रदेश के 39 शहीद जवानों सहित देश भर के शहीद हुए पुलिस जवानों को कलेक्टर पी.एस. एल्मा व एसपी  प्रशांत ठाकुर के अलावा जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और पुलिस के जवानों ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके बलिदानों का पुण्य स्मरण किया। 



 शुक्रवार सुबह नौ बजे पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर अधिकारी द्वय ने रूद्री स्थित रक्षित आरक्षी केन्द्र परिसर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित किया। साथ ही जिले के 39 शहीद जवानों के चित्रों पर पुष्पवर्षा कर उनकी शहादत को याद किया। उनके अतिरिक्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भुरकर, जिला पंचायत अध्यक्ष कांति सोनवानी, जिला पंचायत सदस्य कविता बाबर व खूबलाल ध्रुव, पूर्व महापौर अर्चना चौबे, जनपद कृषि सभापति जागेंद्र साहू वरिष्ठ नागरिक मोहन लालवानी, सूर्यप्रभा चेट्टियार डीएसपी भावेश साव पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष केपी साहू के साथ उनके सदस्य सहित शहीद जवानों के परिजनों, उपस्थित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों व जवानों की टुकड़ी ने रक्षित निरीक्षक के. देवराजू के नेतृत्व में शहीद स्मारक के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर बलिदानी पुलिस जवानों को याद किया। इसके पहले विभिन्न मोर्चों व मुठभेड़ में शहीद हुए जवानों के नाम का वाचन किया गया। तदुपरांत जवानों के द्वारा सलामी शोक शस्त्र के साथ जवानों को श्रद्धांजलि दी, इसके बाद कलेक्टर एवं एसपी ने शहीद जवानों के परिजनों से भेंट कर उनका हालचाल जाना। 


 बताया गया कि सितम्बर 2021 से अक्टूबर 2022 तक देश भर में कुल 264 जवान शहीद हुए। प्रदेश सहित देश के जवानों की शहादत को आज याद किया गया। इसी दौरान पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्यों ने जम्मू कश्मीर में शहीद हुए जवान के परिजनों को अब तक नौकरी व सुविधा नहीं मिलने पर आवेदन दिया जिसे कलेक्टर ने जल्दी देखने की बात कही। एक अन्य मामले में शहीद परिवार के बच्चे की फीस के बारे में भी शिकायत की गई।




0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने