करैहा में नया धान उपार्जन केन्द्र बनने से 13 गांव के किसानों को मिल रहा फायदा

 


व्यवस्थित धान खरीदी की सभी सुविधाएं हैं मौजूद 


धमतरी।धमतरी के वनांचल नगरी के किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्राम करैहा में इस साल नया धान उपार्जन केन्द्र खोला गया है। गट्टासिल्ली उपार्जन केंद्र से हटकर बनाए गए इस नए उपार्जन केंद्र से क्षेत्र के किसानों में खुशी की बयार बह गई। यहां अपने 1.14 हेक्टेयर रकबा का 41 क्विंटल धान समर्थन मूल्य में बेचने आए करैहा के किसान टंकेश्वर साहू ने बताया कि पहले उन्हें लगभग छः किलोमीटर दूर गट्टासिल्ली धान उपार्जन केन्द्र में जाना पड़ता था। अब अपने गांव में घर के करीब धान उपार्जन केन्द्र खुल जाने से उन्हें काफी सहूलियत हुई और समय की बचत भी हुई। इसी तरह धान खरीदी केन्द्र करैहा में अपने 4.10 हेक्टेयर रकबा का 65 क्विंटल 60 किलोग्राम धान बेचने पहुंचे झुंझराकसा के किसान अभिलाल नेताम खुश हैं कि उन्हें नजदीक ही धान बेचने की सुविधा मिल गई। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें 10 किलोमीटर की दूरी तय कर धान बेचने गट्टासिल्ली जाना पड़ता था। करैहा में धान खरीदी केन्द्र के खुल जाने से अब यह दूरी सिमट कर मात्र पांच किलोमीटर रह गई। 


गौरतलब है कि 25 नवम्बर से शुरू हुए इस नए धान खरीदी केन्द्र से करैहा सहित आसपास के 13 गांव के किसानों को नजदीकी केंद्र में धान बेचने में सहूलियत हो रही है। इसमें ग्राम अर्जुनी, आमदी, कुकरीकोन्हा, करैहा, खैरभर्री, पलारीखार, कुम्हड़ाकोट, सांकरा, सारंगपुरी, चिंवर्री (मा.), चिंवर्री (रै.), बेधवापथरा और झुंझराकसा सम्मिलित है।  किसान अब आसानी से नजदीकी खरीदी केंद्र में चालू खरीफ विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य में धान बेच पा रहे हैं। धान उपार्जन केन्द्र करैहा में सभी जरूरत के मुताबिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं हैं। इसमें तार फेंसिंग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा के लिए चौकीदार, हमाल, स्टेकिंग के लिए पर्याप्त बोरियां, बारदाना, धान की सुरक्षा के लिए तिरपाल इत्यादि शामिल है।


 ज्ञात हो कि करैहा धान उपार्जन केन्द्र में 550 पंजीकृत किसान हैं तथा अब तक यहां 215 किसानों से आठ हजार 587 क्विंटल से अधिक धान का उपार्जन समर्थन मूल्य पर किया जा चुका है। ज़िले में कलेक्टर पी.एस.एल्मा के मार्गदर्शन में सुव्यवस्थित धान खरीदी की जा रही है। यह बताना लाज़मी है कि इस उपार्जन केंद्र को मिलाकर ज़िले में अब 98 उपार्जन केन्द्र है। जिले में कुल एक लाख 23 हजार 240 किसान पंजीकृत हैं। अब तक 80 हजार 697 किसानों से दो लाख 61 हजार 305 मीट्रिक टन धान समर्थन मूल्य में खरीदा जा चुका है।  



                                                                                                                            

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने