कोरोना से बचने मुख्यमंत्री बघेल ने लगवाया पहला टीका

 

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में कोरोना वैक्सीन का पहला टीका लगवाया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने निवास से यूनिसेफ की ‘रोको अउ टोको’ परियोजना वाहन को हरी झंडी दिखा रवाना किया।


उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव, गृहमंत्री  ताम्रध्वज साहू, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, स्वास्थ्य विभाग अपर मुख्य सचिव रेणु जी. पिल्लै, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला, चिकित्सा शिक्षा विभाग  संचालक डॉ. आर.के. सिंह, कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  अजय यादव, रायपुर मेडिकल कॉलेज  डीन डॉ. विष्णु दत्त, डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल अधीक्षक डॉ. विनीत जैन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मीरा बघेल मौजूद रही।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वैक्सीन लगवाने के बाद प्रदेश के पात्र सभी लोगों को वैक्सीनेशन का लाभ लेने की बड़ी अपील की है। साथ ही प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा है कि प्रदेश में कोरोना अपने चरम पर है, लिहाजा खुद को सुरक्षित रखने के लिए सुझाए गए नियमों की अनदेखी करने के बजाय उसका नियमित पालन करते रहें। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि अपने जीवन को सुरक्षित करने से आप अपने परिवार के लोगों को सुरक्षित रख सकते हैं, देश और समाज को संक्रमित होने से बचा सकते हैं।

गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी आज अपनी धर्मपत्नी के साथ जाकर कोविड का टीका लगवाया। कहा अगर आपकी उम्र 45 वर्ष से अधिक है तो जल्द से जल्द टीका लगवाएँ, दूसरों को भी प्रेरित करें। कोविड के विरुद्ध जंग जीतने के लिये यह बेहद ज़रूरी है।



0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने