बूथ एवं मंडल समितियाँ हो सर्व स्पर्शी व सर्व समावेशी - सुभाऊ कश्यप



अजय चंद्राकर, प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने बताया भाजपा को लोकतांत्रिक संगठन

धमतरी,भाजपा जिला कार्यालय में सभी प्रभारियों तथा प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक आहूत की गयी।  जिले के चुनाव प्रभारी डॉ सुभाऊ कश्यप ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि पार्टी के निर्देशानुसार 11 सितंबर से 21 सितंबर के बीच जिले के शत प्रतिशत बूथों पर नियमानुसार चुनाव संपन्न कराने है जिसके लिये प्रभारियों की टीम बना कर उन्हें बूथ पर भेजा जाये। बूथ एवं मंडल की समितियों में सभी वर्गों को समाहित किया जाये तथा भौगोलिक दृष्टि से भी संतुलन बनाये रखते हुये संगठन को सर्व स्पर्शी तथा सर्व समावेशी बनाये। 
 
 
सह प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने संगठन की मजबूती पर विशेष ध्यान आकृष्ट कराते हुये कहा कि नीचे का संगठन जितना मजबूत होगा चुनावों में पार्टी को उतना ही अधिक समर्थन मिलेगा। स्थानीय चुनाव एवं त्रिस्तरीय पंचायती राज के चुनाव सर पर हैं उसमें सफलता इसी बात पर निर्भर करती है कि हमने संगठन की कमान कितने सक्षम हाथों में सौंपी है। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने बताया कि द्वितीय सरसंघचालक पूज्यनीय गुरु गोलवलकर जी कहा करते थे "ज्योति जला निज प्राण की" अर्थात कार्यकर्ता अपने पुरुषार्थ से ही संगठन में जान फूंक सकता है। हमेशा की तरह उन्होंने विचारधारा के विस्तार में धमतरी के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि धमतरी जिले के संगठन में देश के सबसे अच्छे संगठन जिला कहलाने की क्षमता है। राज्य की सत्ता में नही होने से मायूस हुये बिना कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा से कार्य करे। 8 महीने निकल चुके हैं देखते ही देखते बचा हुआ कार्यकाल भी निकल जायेगा। प्रदेश की निकृष्ट और निकम्मी सरकार का जाना तय है इसलिये निश्चिंत और निर्भीक होकर संगठन का कार्य करें।  
 
प्रदेश मंत्री निरंजन सिन्हा एवं जिलाध्यक्ष रामु रोहरा ने पार्टी के कार्यक्रमों को विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि मंडल चुनावो के लिये प्रभारियों के पैनल बना लिये गये हैं। मंडल के चुनाव 11 से 15 अक्टूबर तक करा लिये जायेंगे सभी संसदीय क्षेत्र में सांसदों की पदयात्रा का भी कार्यक्रम आगामी दिनों किया जायेगा। इस अवसर पर विधायक रंजना साहू महापौर अर्चना चौबे जिला पंचायत अध्यक्ष रघुनंदन साहू पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा कृपाराम साहू पिंकी शिवराज शाह पूर्व जिलाध्यक्ष कुंजलाल देवांगन प्राथमिक सदस्यता प्रभारी कमलेश ठोकने शिवप्रताप ठाकुर सहित सभी मंडलों के चुनाव प्रभारी,मंडल अध्यक्ष,महामंत्री सभी मंडलों के सदस्यता प्रभारी सहित मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाशिकारी उपस्थित थे। बैठक के अंत मे भाजपा के हाल ही में दिवंगत नेता स्व अरुण जेटली, श्रीमती सुषमा स्वराज एवं बाबूलाल गौर को श्रद्धांजलि स्वरूप 2 मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री नागेन्द्र शुक्ला ने किया। आभार प्रदर्शन कालिदास सिन्हा ने किया। यह जानकारी जिला संवाद प्रमुख कविन्द्र जैन ने दी।

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने